"SBI साइबर जागरूकता रथ" का शुभारंभ
बालोद |
2025-09-20 18:31:05
बालोद। जिले में साइबर अपराधों से आमजनों को सतर्क करने एसबीआई बालोद एवं बालोद पुलिस की जागरुकतामय अभिनव पहल की गई। दिनांक 20 सितंबर 2025 को बालोद पुलिस एवं भारतीय स्टेट बैंक शाखा बालोद के सौजन्य से बढ़ते साइबर अपराध की रोकथाम एवं आम नागरिकों को जागरूक करने हेतु "SBI साइबर जागरूकता रथ (ऑडियो विजुअल वेन)" का शुभारंभ किया गया।
रथ को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षिका श्रीमती मोनिका ठाकुर, डीएसपी मुख्यालय देवांश सिंह राठौर, रक्षित निरीक्षक श्रीमति रेवती वर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक एसबीआई संजय प्रसाद, मुख्य शाखा प्रबंधक एसबीआई बालोद गौरव भटनागर एवं थाना प्रभारी कोतवाली शिशुपाल सिन्हा द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
साइबर जागरूकता रथ की गतिविधियाँ, रथ शहर के प्रमुख स्थानों पर भ्रमण करते हुए नुक्कड़ नाटक एवं ऑडियो-वीजुअल प्रस्तुति के माध्यम से आमजन को साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान करेगी। जागरूकता रथ पर साइबर अपराध से बचाव के लिए दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
एएसपी एवं एसडीओपी बालोद द्वारा आमजन को दिए गए मुख्य संदेश
किसी भी अनजान नंबर से आए कॉल पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी को भी ओटीपी, एम पिन या पासवर्ड न बताएं। मोबाइल पर आए संदिग्ध लिंक, मैसेज या एपीके ऐप डाउनलोड/ओपन न करें। धोखाधड़ी के किसी भी प्रयास की तुरंत सूचना पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन को दें।
आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना। जागरूकता के माध्यम से धोखाधड़ी की घटनाओं में कमी लाना। "सतर्क नागरिक – सुरक्षित समाज" का संदेश जन-जन तक पहुँचाना। एसबीआई बालोद के ब्रांच मैनेजर भटनागर जी ने बताया कि यह रथ बालोद जिले में दिनांक 20 सितंबर एवं 21 सितंबर को अलग-अलग स्थान में जाकर साइबर सतर्कता अभियान करेगी साथ ही नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी प्रचार किया जा रहा है।
दिनांक 21 सितंबर एवं 22 सितंबर को साइबर जागरूकता रथ, बस स्टेशन बालोद, घड़ी चौक, बुधवारी बाजार, उन्नति प्लाजा, सिविल लाइन्स, कृषि उपज मंडी समिति, गौरा चौक, जय स्तम्भ चौक, कांग्रेस भवन चौक, दुर्गा देवी मंदिर, गंज पारा तथा जनपद पंचायत बालोद आदि स्थानों पर भ्रमण करेगा।