प्रोजेक्ट उन्नति 2.0 के तहत अकुशल श्रमिकों को बनाया जा रहा है राजमिस्त्री
मनरेगा के अंतर्गत 60 दिवस से ज्यादा का अकुशल श्रम करने वाले युवा बनेंगें राजमिस्त्री
कोरिया 15 दिसम्बर 2025
कोरिया जिले में महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत अकुशल श्रम से स्वरोजगार की ओर आगे बढा़ने के लिए युवा श्रमिकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। जिले में बड़ी संख्या में प्रगतिरत प्रधानमंत्री आवास योजना के बड़े लक्ष्य के लिए ग्राम पंचायतों में राजमिस्त्री उपलब्ध हो सकें इसके लिए राजमिस्त्री का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण आर सेटी के माध्यम से आफलाइन मोड में मनरेगा अंतर्गत प्राजेक्ट उन्नति 2.0 के तहत प्रदान किया जा रहा है।
प्रोजेक्ट उन्नति 2.0
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजागार गांरंटी योजना के तहत प्रत्येक पंजीकृत परिवार को 100 कार्यदिवस का अकुशल रोजगार प्रदान किया जाता है। योजनांतर्गत पंजीकृत परिवारों के ऐसे युवा जो निरंतर 60 दिन से अधिक का अकुशल श्रम करते रहते हैं उन्हे प्रोजेक्ट उन्नति 2.0 के तहत निशुल्क प्रशिक्षण देकर उनका कौशल विकास किया जा रहा है। जिससे वह बेहतर आजीविका स्तर पर आगे बढ़ सकें।
राजमिस्त्री का प्रशिक्षण
प्रोजेक्ट उन्नति 2.0 के तहत इस बार 35 युवाओं को सोनहत जनपद पंचायत से लिया गया है। इन्हे राजमिस्त्री का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। आरसेटी के माध्यम से आयोजित इस प्रशिक्षण में सोनहत जनपद की ग्राम पंचायत मधौरा के 16 ग्राम पंचायत लटमा के 15 तथा ग्राम पंचायत कटगोड़ी के 4 युवाओं को शामिल किया गया है। यह सभी युवा मैदानी स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
एक माह बाद होंगे राजमिस्त्री
प्रोजेक्ट उन्नति 2.0 के तहत आरसेटी के माध्यम से मैदानी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को जिला पंचायत सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने आरसेटी पहुंचकर प्रशिक्षण सत्र के प्रथम दिवस प्रोत्साहित किया था। इसके लिए युवाओं का प्रतिदिन मैदानी प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जा रहा है। गत 8 दिसम्बर से आरंभ हुए राजमिस्त्री का यह प्रशिक्षण आगामी 7 जनवरी को पूरा हो जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास को मिलेगी गति
जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक मनरेगा श्रीमती चंदन त्रिपाठी के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्य को समय-सीमा में पूर्णता के लिए बड़े पैमाने पर कार्य किया जा रहा है। इसके लिए प्रशिक्षित राजमिस्त्री की आवश्यकता को देखते हुए प्रोजेक्ट उन्नति 2.0 के तहत युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इससे आने वाले समय में हमें सोनहत क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास निर्माण को और गति देने में सहूलियत होगी।