नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं - कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक का जिलेवासियों को संदेश
सूरजपुर |
2025-12-31 17:57:04
सूरजपुर,31 दिसंबर 2025
जिले के कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत ठाकुर ने नववर्ष 2026 के पावन अवसर पर जिले के समस्त नागरिकों को असीम शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।
कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने अपने नववर्ष संदेश में कहा कि बीता वर्ष हमारे विकास और प्रगति का वर्ष रहा, नववर्ष नई ऊर्जा, नई उम्मीद और नये संकल्प के साथ हमारे द्वारा पर दस्तक दे रहा है। नव वर्ष हमारे लिए नई संभावनाओं, नई आशाओं और नए संकल्पों का प्रतीक है। आइए हम सब मिलकर संकल्प लें कि इस वर्ष हम अपने जिले को और अधिक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और समृद्ध बनाएंगे। उन्होने सभी जिलेवासियों को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएँ दी।
इसके साथ ही उन्होने जिलेवासियों से अपील की कि नववर्ष के उपलक्ष्य पर सभी यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा का प्राथमिकता दें। मदिरापान इत्यादि से बचें और सुरक्षित माहौल मे नववर्ष का आंनद ले।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे मन लगाकर अध्ययन करें, बेहतर से बेहतर प्रदर्शन करें और अपने परिवार व जिले का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि जिले का समग्र विकास नागरिकों की सहभागिता से ही संभव है, इसलिए सभी लोग एकता और भाईचारे के साथ सामुदायिक विकास में सक्रिय योगदान दें।
उन्होंने जिले के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नए साल में नई ऊर्जा और जिम्मेदारी के साथ आमजन के कल्याण एवं जिले के विकास के लिए अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें। साथ ही, शासन द्वारा संचालित सभी हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुँचाने एवं हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत ठाकुर ने भी कहा कि जिला एवं पुलिस प्रशासन जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने जिलेवासियों से शांति, सुरक्षा और विकास में सहयोग करने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का साथ देने की अपील की। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से कामना की कि नववर्ष 2026 सूरजपुर जिले के लिए प्रगति, सौहार्द और खुशहाली का वर्ष सिद्ध हो।