छत्तीसगढ़ / रायगढ़

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक मनाया जा रहा आंगन मिलन सेवा

 आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और जनभागीदारी को मिल रहा बढ़ावा

रायगढ़, 26 सितम्बर 2026

रायगढ़ : सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक मनाया जा रहा आंगन मिलन सेवा

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़ते हुए बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के पोषण, स्वास्थ्य और विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्र मौहारीपारा, खैरपुर-1, खैरपुर-2, टीपाखोल, लाखा एवं जोबी-2 सहित जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता के बीच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों का सम्मान किया गया। गर्भवती माताओं की गोद भराई, बच्चों का अन्नप्राशन, स्वस्थ शिशु एवं माता का सम्मान तथा बच्चों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। आंगन मिलन सेवा के दौरान ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों और घरों में मुनगा पौधे लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। साथ ही पौष्टिक थाली का प्रदर्शन कर स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक भोजन में शामिल करने की जानकारी दी गई। हितग्राहियों को महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
विभिन्न केंद्रों में बच्चों के लिए चित्रकला एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, किशोरियों के लिए रंगोली तथा महिलाओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता के साथ कुर्सी दौड़ और चम्मच दौड़ जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को प्रशस्ति पत्र, श्रीफल एवं नारियल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रमों में न्योता भोज के माध्यम से बच्चों एवं उपस्थित हितग्राहियों को भोजन कराया गया। विभिन्न केंद्रों पर खीर, पूरी, फल सहित पौष्टिक भोजन परोसा गया। साथ ही बच्चों एवं माताओं के पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक जानकारी साझा की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि आंगन मिलन उत्सव के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के केंद्र के रूप में मजबूत किया जा रहा है। जिले में 7 अक्टूबर तक विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा के आयोजन जारी रहेंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image