कड़ाके की ठंड के चलते बलरामपुर में स्कूलों की छुट्टी घोषित
बलरामपुर - जिले में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एहतियातन बड़ा निर्णय लिया है। बलरामपुर जिले में आज कक्षा पहली से 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर के निर्देश के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि शीतलहर और गिरते तापमान के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है, इसी को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को जिले के सभी स्कूल बंद रहेंगे। यह आदेश केवल शासकीय स्कूलों तक सीमित नहीं है, बल्कि सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी विद्यालयों पर भी समान रूप से लागू होगा। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले का कोई भी स्कूल इस आदेश से बाहर नहीं रहेगा। हालांकि, बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए 10वीं और 12वीं कक्षा की प्रैक्टिकल परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं के संचालन के लिए संबंधित शिक्षक और कर्मचारी स्कूलों में उपस्थित रहेंगे।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रह सकता है, ऐसे में आगे भी स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
