छत्तीसगढ़ / कोरिया

शीतलहर का असर: कोरिया में कक्षा 5वीं तक के बच्चों को 10 जनवरी तक अवकाश

कोरिया - जिले में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों के हित में अहम फैसला लिया है। छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के अनुमोदन से जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी किया है। इसके तहत जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा 1 से 5वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 10 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, मान्यता प्राप्त तथा सभी बोर्डों से संबद्ध विद्यालयों में समान रूप से लागू रहेगा। प्रशासन का कहना है कि सुबह के समय अत्यधिक ठंड और शीतलहर के कारण छोटे बच्चों के बीमार पड़ने की आशंका बढ़ गई है, जिसे देखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया है। हालांकि, इस दौरान विद्यालयों के शिक्षक एवं अन्य शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारी पूर्व निर्धारित समयानुसार विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और नियमित प्रशासनिक कार्य संचालित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी उचित निर्णय लिए जाएंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image