रजत जयंती वर्ष पर 02 से 09 जनवरी तक चावल उत्सव एवं उपभोक्ता जागरूकता सप्ताह का आयोजन
गरियाबंद |
2026-01-09 16:49:44
गरियाबंद : रजत जयंती वर्ष पर 02 से 09 जनवरी तक चावल उत्सव एवं उपभोक्ता जागरूकता सप्ताह का आयोजन
गरियाबंद, 09 जनवरी 2026
राज्य शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2025-26 को छत्तीसगढ़ राज्य गठन के रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाए जाने के उपलक्ष्य में जिला गरियाबंद की समस्त शासकीय उचित मूल्य दुकानों में 02 जनवरी से 09 जनवरी 2026 तक चावल उत्सव एवं उपभोक्ता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।
खाद अधिकारी श्री अरविंद कुमार दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर पालिका परिषद गरियाबंद के शासकीय उचित मूल्य दुकान में 07 जनवरी 2026 को चावल उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद गरियाबंद के अध्यक्ष श्री रिखीराम यादव, उपाध्यक्ष श्री सुरेन्द्र सोनटेके, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक, हितग्राही एवं दुकान संचालक उपस्थित रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री रिखीराम यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के कम्प्यूटरीकरण से खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता बढ़ी है। वन नेशन वन राशनकार्ड योजना के माध्यम से अब राशनकार्डधारी देश के किसी भी उचित मूल्य दुकान से अपना खाद्यान्न प्राप्त कर सकते हैं। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत निःशुल्क नमक, पोषक चना एवं एफ.आर.के. चावल का वितरण किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं के पोषण स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान खाद विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों एवं सुविधाओं के प्रति जागरूक किया गया। चावल उत्सव एवं उपभोक्ता जागरूकता सप्ताह के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।