सड़क हादसे में घायल एनएमडीसी कर्मचारी को पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने समय पर पहुंचाया अस्पताल।
दंतेवाड़ा |
2026-01-11 17:09:28
मानवता की मिसाल : सड़क हादसे में घायल एनएमडीसी कर्मचारी को पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने समय पर पहुंचाया अस्पताल।
किरंदुल/बचेली/भांसी । बचेली–भांसी मार्ग के मध्य मोड़ पर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एनएमडीसी (NMDC) में कार्यरत एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल कर्मचारी एनएमडीसी के एल–4 श्रेणी में कार्यरत है और ड्यूटी से अवकाश लेकर अपने पैतृक गांव जगदलपुर के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे में कर्मचारी को गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर ही घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। संयोगवश उसी समय पूर्व किरंदुल नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह दंतेवाड़ा की ओर गमन कर रहे थे। उनकी नजर जैसे ही दुर्घटनास्थल पर पड़ी, उन्होंने बिना विलंब किए मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने तत्परता दिखाते हुए बचेली स्थित अपोलो हॉस्पिटल में तत्काल फोन कर एंबुलेंस की व्यवस्था करवाई और घायल कर्मचारी को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया। साथ ही उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी भांसी पुलिस को भी दी, ताकि आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
शैलेंद्र सिंह की इस त्वरित पहल से घायल कर्मचारी को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी, जिससे उसकी स्थिति में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय नागरिकों एवं एनएमडीसी कर्मचारियों ने शैलेंद्र सिंह के इस सराहनीय कदम की प्रशंसा करते हुए इसे “मानवता की सच्ची मिसाल” बताया है।
आज के समय में जब लोग अक्सर दुर्घटनाओं के दौरान मूकदर्शक बने रहते हैं, ऐसे में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता और जिम्मेदारी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।