जल संरक्षण की दिशा में ग्रामीणों व विद्यार्थियों को किया जनजागरूकता
कोरिया, 22 जनवरी 2026
विकासखण्ड बैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत जमगहना में विगत दिनों छत्तीसगढ़ रजत जयंती समारोह का आयोजन शासकीय हाई स्कूल एवं प्राथमिक शाला परिसर में हर्षाेल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, ग्राम जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।
समारोह के दौरान बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, वहीं छत्तीसगढ़ राज्य की विकास यात्रा, उपलब्धियों एवं योजनाओं पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने बच्चों को शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व बताया।
इस अवसर पर पीएचई विभाग के एसीडीओ श्री प्रखर बेले एवं आईईसी समन्वयक श्री अनुज मिश्र विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा सहभागिता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अतिथियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं शिक्षकों ने इस आयोजन को सफल बनाने मंी सहयोग देने वाले सभी लोगों की सराहना की। जल संरक्षण, साफ पेयजल व जल परीक्षण पर ग्रामीणों व विद्यार्थियों को जनजागरण किया गया। पूरे गांव में उत्साह एवं गौरव का वातावरण देखने को मिला।