छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

जिला उड़नदस्ता दल ने किया परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण

 कवर्धा, 20 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हायर सेकेण्डरी स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 2026 के प्रथम दिवस जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल द्वारा विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा गठित इस दल का नेतृत्व जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा ने किया। उड़नदस्ता दल में सहायक संचालक श्री डी.जी. पात्रा, एम.आई.एस. प्रशासक श्री सतीश कुमार यदु एवं वरिष्ठ पी.टी.आई. श्री दिनेश कुमार साहू शामिल रहे।

दल द्वारा विज्ञान संकाय के भौतिकशास्त्र एवं कला संकाय के भूगोल विषय की परीक्षा के दौरान जिला मुख्यालय स्थित होलीक्रास स्कूल कवर्धा, विकासखंड बोड़ला के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजानवांगांव तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरबना कला परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित पाई गई। परीक्षा भवनों में समुचित पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्रसाधन एवं पर्याप्त फर्नीचर की उपलब्धता सुनिश्चित की गई थी। निरीक्षण के दौरान किसी भी परीक्षार्थी द्वारा अनुचित साधनों के उपयोग का मामला सामने नहीं आया, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित हुई। उड़नदस्ता दल द्वारा परीक्षा केन्द्रों में ग्लूकोज, ओ.आर.एस. एवं प्राथमिक उपचार सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने संबंधी सुझाव भी दिए गए। साथ ही, बोर्ड द्वारा निर्धारित प्रपत्रों एवं पंजियों का समुचित संधारण किया जाना पाया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image