भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक बने डॉ. अरविंद तिवारी
गरियाबंद । भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यालय द्वारा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एवं सह-संयोजकों की घोषणा की गई है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से जारी सूची के अनुसार गरियाबंध जिले में डॉ. अरविंद नाथ तिवारी को चिकित्सा प्रकोष्ठ का जिला संयोजक नियुक्त किया गया है।
डॉ. अरविंद नाथ तिवारी की नियुक्ति से जिले के चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों में उत्साह का माहौल है। संगठन ने उनके अनुभव, सेवा भावना और सामाजिक सक्रियता को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
डॉ. तिवारी लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से समाज की सेवा करते आ रहे हैं। वे विभिन्न सामाजिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी नियुक्ति से चिकित्सा प्रकोष्ठ के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।
नवनियुक्त जिला संयोजक डॉ. अरविंद नाथ तिवारी ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों के अनुरूप स्वास्थ्य क्षेत्र में सेवा कार्यों को गति देंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता अभियान तथा जरूरतमंदों के लिए निःशुल्क परामर्श जैसी गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिले के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. तिवारी को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएँ दी हैं तथा विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में चिकित्सा प्रकोष्ठ संगठन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा।
यह नियुक्ति आगामी समय में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जनसंपर्क और जनसेवा को विस्तार देने में सहायक सिद्ध होगी।