होली त्यौहार शांति और सौहार्द्र के साथ मनाने कलेक्टर-एसपी ने आमजनों से की अपील
गौरेला पेण्ड्रा मरवाही, 27 फरवरी 2026
आगामी 4 मार्च को होली त्यौहार की हार्दिक शुभकामनाओं के साथ कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी और पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार खिलारी ने जिले वासियों से शांति और सौहार्द्र से साथ त्यौहार मनाने की अपील की है। कलेक्टर ने हर्षाेल्लास, शांति एवं सौहार्द्र के साथ होली त्यौहार मनाने और जिले में आदर्श वातावरण बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने कहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि होली का त्यौहार आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सौहार्द्र के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने कहा कि होली खुशियों और रंगों का पर्व है, अतः किसी भी प्रकार की जबरदस्ती रंग लगाने, हुड़दंग करने, शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार बाइक चलाने, डीजे पर अश्लील गीत बजाने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों से दूर रहें।
सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने अभिभावकों से विशेष रूप से अपील की है कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें तथा उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। पर्व के दौरान सभी संवेदनशील स्थानों, चौक-चौराहों एवं प्रमुख बाजार क्षेत्रों में विशेष पेट्रोलिंग, मोबाइल पार्टी एवं डायल-112 की व्यवस्था की गई है। आमजन से अनुरोध है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम +91-94791-90097 पर दें।