छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जुनवानी में जल उत्सव पखवाड़ा एवं जल अर्पण दिवस का आयोजन

 जनभागीदारी के साथ जल संरक्षण का संदेश, नलजल योजना का ग्राम पंचायत को हस्तांतरण

कवर्धा, 09 मार्च 2026

कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देश एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जिला कबीरधाम के कार्यपालन अभियंता श्री डी. एस. राजपूत के मार्गदर्शन में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन कबीरधाम के तत्वाधान में विकासखंड बोड़ला के ग्राम पंचायत कंटगीकला अंतर्गत ग्राम जुनवानी में जल जीवन मिशन के तहत जल उत्सव पखवाड़ा एवं जल अर्पण दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 08 मार्च से 22 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले जल उत्सव पखवाड़ा का शुभारंभ भी किया गया।
    कार्यक्रम का उद्देश्य जल जीवन मिशन अंतर्गत निर्मित नलजल योजना को ग्राम पंचायत को औपचारिक रूप से हस्तांतरित करना, योजना के संचालन एवं संधारण में ग्राम पंचायत तथा ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना, हर घर जल योजना की उपलब्धि का उत्सव मनाना तथा स्थानीय स्तर पर योजना के स्वामित्व को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्रामवासियों, स्कूली बच्चों, शिक्षकगण एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली से हुई। रैली के माध्यम से जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल एवं जल के विवेकपूर्ण उपयोग के संबंध में जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों विशेषकर महिलाओं द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित परिसंपत्तियों जैसे पानी टंकी, बोर पंप, स्विच रूम तथा घरेलू नल कनेक्शनों का पूजा-अर्चना कर जलबंधन (पवित्र धागा) किया गया।
    कार्यक्रम में कला जत्था के माध्यम से जल जीवन मिशन, जल संरक्षण एवं जनभागीदारी का संदेश देते हुए लोकगीत, लोकनृत्य तथा नुक्कड़ नाटक की प्रभावी प्रस्तुति दी गई। इसके अतिरिक्त एफ.टी.के. किट के माध्यम से ग्राम के पेयजल स्रोतों की जल गुणवत्ता परीक्षण का प्रदर्शन कर ग्रामीणों को पानी की जांच की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों द्वारा जल जीवन मिशन एवं जल उत्सव पखवाड़ा कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी गई तथा ग्रामीणों को पेयजल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने, जल के संरक्षण तथा नलजल योजना के संचालन-संधारण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
    कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामवासियों द्वारा जल संरक्षण एवं हर घर जल योजना के सफल क्रियान्वयन में सहयोग देने की सामूहिक शपथ भी ली गई। तत्पश्चात नलजल योजना से संबंधित हस्तांतरण दस्तावेज ग्राम पंचायत को औपचारिक रूप से सौंपे गए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत कंटगीकला को ग्राम जुनवानी की नलजल योजना के सफल संचालन-संधारण हेतु प्रमाण पत्र प्रदान किया गया तथा योजना के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए पंप ऑपरेटर श्री टीकेश्वर सेन को भी सम्मानित किया गया।
    कार्यक्रम के अंत में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों द्वारा जल उत्सव पखवाड़ा जलरथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, स्कूली बच्चों एवं विभागीय अधिकारियों के सहयोग से जल उत्सव पखवाड़ा एवं जल अर्पण दिवस का सफल आयोजन संपन्न हुआ।

Leave Your Comment

Click to reload image