छत्तीसगढ़ / कांकेर

जनगणना 2027 में शामिल होने कलेक्टर ने जिलेवासियों से की अपील

 उत्तर बस्तर कांकेर 17 अप्रैल 2026

कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिलेवासियों से जनगणना 2027 में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा राष्ट्रव्यापी जनगणना का कार्य किया जाना है। जनगणना केवल गिनती नहीं, बल्कि देश के भविष्य की नींव है। इससे प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही शासन की योजनाएं, स्कूल, अस्पताल, सड़क, राशन तथा पेंशन जैसी मूलभूत सुविधाएं तय होती है।
कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने जिले के आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि जब जनगणना कर्मी आपके घर पहुंचे तो परिवार के प्रत्येक सदस्य की उम्र, शिक्षा, व्यवसाय आदि की सही और पूरी जानकारी निर्भीक होकर दें। जनगणना का किसी भी नागरिकता, कर या कानूनी कार्रवाई से कोई संबंध नहीं है, इससे जुड़ी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहती है। साथ ही लोगों को अफवाहों से बचने की सलाह भी दी गई। जनगणना के दौरान घर के सभी सदस्य विशेषकर महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे गणना से छूटने न पाए, इस कार्य में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि जनगणना प्रक्रिया में इस बार डिजिटल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, स्वयं मोबाइल ऐप से जानकारी भरें और उसका लाभ उठाएं। 16 अप्रैल से 30 अपै्रल तक जनगणना निदेशालय के वेब पोर्टल 
https://se.census.gov.in/में अपनी जानकारी स्वयं दे सकते हैं। जानकारी अपलोड करने के बाद 12 अंकों वाला एसई आईडी को सुरक्षित रखें, ताकि गणनाकर्मी के आने पर उसे साझा करें। आपके द्वारा दी गई सटीक जानकारी से गांव और जिले के विकास तय होगा।

Leave Your Comment

Click to reload image