छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

महिलाओं के अधिकारों पर राजनीति करना भाजपा की आदत बन चुकी है - नवीन जायसवाल

 कवर्धा--छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवीन जैसवाल ने पत्रकार वार्ता में भाजपा पर जोरदार हमला बोलते हुवे कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिला आरक्षण के नाम पर देश की जनता को गुमराह करने की साजिश कर रही है।

जायसवाल ने साफ कहा कि भाजपा महिला आरक्षण की पक्षधर नहीं, बल्कि परिसीमन के बहाने अपने राजनीतिक फायदे साधना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने 16 अप्रैल 2026 को जो विधेयक संसद में पेश किया, उसका महिला आरक्षण से कोई लेना-देना नहीं था, बल्कि यह परिसीमन संशोधन और केंद्र शासित प्रदेश कानून में बदलाव का प्रयास था, जिसे महिला आरक्षण का मुखौटा पहनाया गया।

उन्होंने भाजपा के “झूठ के नैरेटिव” पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 (128वां संविधान संशोधन) पहले ही संसद के दोनों सदनों से पारित हो चुका है और राष्ट्रपति द्वारा अनुमोदित होकर कानून बन चुका है। इसके बावजूद भाजपा लगातार यह भ्रम फैला रही है कि कांग्रेस और विपक्ष ने महिला आरक्षण का विरोध किया  जो पूरी तरह झूठ और जनता को गुमराह करने की साजिश है।

नवीन जायसवाल ने सवाल उठाया कि जब देश में नई जनगणना 2026-27 में प्रस्तावित है और जाति जनगणना की बात खुद सरकार कर चुकी है, तो फिर भाजपा 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन क्यों करना चाहती है? इसका सीधा मतलब है कि भाजपा अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार सीटों का नक्शा बदलना चाहती है।

उन्होंने मणिपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जहां बेटियों के साथ अमानवीय घटनाएं हुईं, वहां चुप बैठी भाजपा आज महिला सशक्तिकरण की बात कर रही है यह देश की महिलाओं का अपमान है।

पूर्व विधायक ममता चंद्राकर ने कहा कि अगर भाजपा सच में महिला आरक्षण चाहती है, तो 543 सीटों पर तत्काल लागू करे। भाजपा को डर है कि निष्पक्ष व्यवस्था में उसकी सत्ता कमजोर पड़ जाएगी।

महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सीमा अनंत ने खुलासा किया कि हाल ही में लाए गए विधेयक में लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव था, जिसमें परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाया जा रहा था जो पूरी तरह संदिग्ध और राजनीतिक रूप से प्रेरित कदम है।

किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी ने कहा कि मोदी सरकार पिछले 12 वर्षों से झूठ और भ्रम की राजनीति कर रही है, लेकिन अब देश की जनता सच्चाई समझ चुकी है।


अंत में कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि भाजपा का परिसीमन के जरिए सत्ता बचाने का षड्यंत्र विपक्ष की एकजुटता से विफल हो चुका है। अब भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर पूरे देश में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है, जिसे कांग्रेस हर स्तर पर उजागर करेगी।
महिला आरक्षण पर राजनीति बंद करो, सच्चाई देश के सामने रखो ।

Leave Your Comment

Click to reload image