छत्तीसगढ़ / कोंडागांव

केशकाल में जिला यूनियन स्तरीय तेंदूपत्ता संग्रहण कार्यशाला का हुआ आयोजन

 कोंडागांव । वन मंडल केशकाल प्रांगण में जिला यूनियन स्तरीय तेंदूपत्ता संग्रहण कार्यशाला 2026 का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य को सुव्यवस्थित, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लक्ष्मण सिंह (भारतीय वन सेवा), वन संरक्षक कैम्पा रायपुर रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिव्या गौतम, प्रबंध संचालक एवं वन मंडलाधिकारी, वन मंडल केशकाल ने की। इस अवसर पर नंदकुमार सिंहा, उप प्रबंध संचालक केशकाल एवं सुषमा जे. नेताम, उप वनमंडलाधिकारी केशकाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान तेंदूपत्ता संग्रहण एवं क्रय प्रक्रिया में गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि केवल उच्च गुणवत्ता एवं मानक अनुरूप तेंदूपत्तों की ही खरीदी की जाए। दागयुक्त, टूटे-फूटे, अत्यधिक मोटे अथवा अनुपयुक्त पत्तों को खरीद से बाहर रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। साथ ही, मानक बोरा के अनुरूप ही संग्रहण एवं संकलन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

इसके अतिरिक्त, फड़ों के समुचित रख-रखाव, नियमित निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए। संग्रहित तेंदूपत्तों को परिवहन तक सुरक्षित रखने तथा किसी भी प्रकार की क्षति से बचाने हेतु आवश्यक सावधानियां बरतने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी संबंधित कर्मचारियों को शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य को पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित करने के निर्देश दिए, ताकि वन विभाग की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यशाला में वन मंडल केशकाल अंतर्गत सभी परिक्षेत्र अधिकारी (केशकाल, फरसगांव, बड़ेडोंगर, बड़ेराजपुर), पोषक अधिकारी, प्रबंधक, फड़ अभिरक्षक तथा बड़ी संख्या में संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image