छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

मरवाही वनमंडल द्वारा बड़ी कार्यवाही : भारी मात्रा में अवैध साल लकड़ी जब्त

 गौरेला पेंड्रा मरवाही :मरवाही वनमंडल द्वारा बड़ी कार्यवाही : भारी मात्रा में अवैध साल लकड़ी जब्त

 
 
 गौरेला पेंड्रा मरवाही, 9 मई 2026
मरवाही वनमंडल अंतर्गत गौरेला परिक्षेत्र के पिपरखुंटी बीट के कक्ष क्रमांक 2324 एवं 2325 में अवैध वृक्ष कटाई एवं लकड़ी भंडारण के विरुद्ध शुक्रवार को एक बड़ी कार्यवाही की गई। विभाग को शाम लगभग 4:30 बजे मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए वन विभाग द्वारा सर्च वारंट जारी किए गए। सायंकालीन अभियान के दौरान वन विभाग की टीम द्वारा दो मकानों में दबिश दी गई, जहां भारी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित साल लकड़ी बरामद की गई। कार्यवाही में अब तक कुल 136 नग चिरान साल लकड़ी एवं 11 नग साल लट्ठे जब्त किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त अवैध कटाई एवं चिराई में उपयोग किए जाने वाले उपकरण भी बरामद किए गए, जिनमें हाथ आरी, इलेक्ट्रिक चेनसॉ एवं कुल्हाड़ियां शामिल हैं। सभी उपकरणों को जब्त कर लिया गया है। इस कार्यवाही में संलिप्त दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है तथा उनके विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग द्वारा बताया गया है कि मामले में आगे की जांच एवं कार्यवाही आज भी जारी है तथा जप्त वनोपज की मात्रा में और वृद्धि होने की संभावना है। मरवाही वनमंडल द्वारा अवैध वृक्ष कटाई, लकड़ी तस्करी एवं वन अपराधों के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image