छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता: विधायक भूलन सिंह मरावी

 सुशासन शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण हुए शामिल ,विभिन्न योजनाओं की मिली जानकारी

 शिविर अंतर्गत समस्याओं और शिकायतों के 217 आवेदन प्राप्त

सूरजपुर/12 मई 2026

    सुशासन तिहार के अंतर्गत विकासखंड रामानुजनगर के ग्राम पंचायत बरबसपुर में मंगलवार को सुशासन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के 19 ग्रामों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। यह कार्यक्रम विधायक भूलन सिंह मरावी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस शिविर के दौरान ग्रामीण जनों ने अपने क्षेत्र के शिकायतों और समस्याओं को लेकर 217 आवेदन दिए। 
                  इस शिविर में गणेशपुर, बरबसपुर, पवनपुर, रामतीर्थ, हनुमानगढ़, पंचवटी, रोमेश्वरम्, मदनपुर, अर्जुनपुर, जगतपुर, मकरबंधा, परमेश्वरपुर, द्वारिकापुर, छिन्दिया, अक्षयपुर, केशवपुर, गोकुलपुर, लब्जी एवं पिवरी सहित कुल 19 ग्रामों के ग्रामीणों ने भाग लिया।
                 इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनके निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। शिविर में राजस्व, पंचायत, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, विद्युत तथा अन्य विभागों के अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
                 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि राज्य शासन का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच मजबूत सेतु का कार्य कर रहा है, जिससे ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
                 उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार के दौरान इस क्षेत्र अंतर्गत शिविर में प्राप्त आवेदन सहित कुल 511 आवेदन प्राप्त किए गए है जिनमें 60 आवेदनों का तत्काल निराकरण की कार्यवाही की गई। इसके अलावा शेष 451 आवेदनों पर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

Leave Your Comment

Click to reload image