छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

भीषण गर्मी में राहत की बड़ी पहल: महुआ पारा में दुरुस्त हुए हैंडपंप, ग्रामीणों को मिलने लगा स्वच्छ पेयजल

 जल संकट के बीच प्रशासन सक्रिय, खराब हैंडपंपों की मरम्मत अभियान तेज

एमसीबी/14 मई 2026

भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते जल संकट के बीच लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड मनेन्द्रगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत नागपुर के महुआ पारा में विभागीय टीम ने पहुंचकर बंद एवं खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू किया। भीषण गर्मी की तीव्रता को देखते हुए विभाग द्वारा खराब हैंडपंपों को प्राथमिकता के आधार पर सुधारने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। हैंडपंपों के चालू होने से ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने लगा है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने विभाग की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हैंडपंपों का निरीक्षण किया तथा तकनीकी सुधार कार्य कर पेयजल व्यवस्था को बहाल किया। विभाग द्वारा जिलेभर में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी गांव में पेयजल संकट उत्पन्न न हो। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच हैंडपंप बंद होने से काफी परेशानी हो रही थी, लेकिन विभाग की तत्परता से अब उन्हें बड़ी राहत मिली है। प्रशासन की यह पहल ग्रामीणों की मूलभूत आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही को दर्शाती है। वर्तमान में जिलेभर में हैंडपंप मरम्मत एवं सुधार कार्य निरंतर जारी है, जिससे आमजन को भीषण गर्मी में राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image