छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

तेज हवा और बारिश ने गरियाबंद में मचाई तबाही

 0 सनराइज राइस मिल का टीन शेड उड़कर NH-130C पर गिरा।


0 बिजली ट्रांसफार्मर भी धराशायी।

राधेश्याम सोनवानी   
गरियाबंद। गरियाबंद में शनिवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट लेते हुए तेज हवाओं के साथ बारिश ने कहर बरपाया। लगभग आधे घंटे तक चली तेज हवा और बारिश से कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ। सबसे बड़ा हादसा गरियाबंद स्थित सनराइज राइस मिल में देखने को मिला, जहां तेज तूफान के कारण राइस मिल का विशाल टीन शेड उड़कर नेशनल हाईवे 130C पर जा गिरा।
घटना के दौरान हाईवे से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि बिजली सप्लाई पहले ही बंद हो चुकी थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। तेज हवा के चलते राइस मिल परिसर में लगा बिजली ट्रांसफार्मर भी पोल सहित जमीन पर गिर पड़ा।
टीन शेड सड़क पर गिरने से कुछ घंटों तक आवागमन बाधित रहा। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों की मदद से सड़क पर गिरे टीन शेड को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
तेज बारिश के कारण राइस मिल परिसर में रखा धान भी भीग गया, जिससे मिल संचालक को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन एवं ट्रांसफार्मर का निरीक्षण शुरू किया।
अचानक आए तूफान और बारिश से शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में भी कई जगह पेड़ की शाखाएं टूटकर गिरीं और बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है।

Leave Your Comment

Click to reload image