छत्तीसगढ़ / बेमेतरा

जमीन बंटवारे के नाम पर रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

 बेमेतरा । छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बेमेतरा जिले में एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी ओमकार सोनवानी पर किसान से जमीन बंटवारे और ऋण पुस्तिका बनाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई साजा तहसील क्षेत्र में की गई।

ACB अधिकारियों के मुताबिक, प्रार्थी नरोत्तम साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी जमीन के बटांकन और खाता विभाजन के कार्य के बदले पटवारी द्वारा 25 हजार रुपये रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने के लिए ACB से संपर्क किया।

शिकायत का सत्यापन करने पर मामला सही पाया गया। जांच के दौरान आरोपी पटवारी ने मोलभाव के बाद पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई। इसके बाद ACB ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

सोमवार को जैसे ही प्रार्थी ने आरोपी पटवारी को 15 हजार रुपये दिए, ACB की टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद की।

ACB ने आरोपी पटवारी ओमकार सोनवानी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave Your Comment

Click to reload image