एकाकी जीवन में उर्मिला को मिला सुरक्षित आशियाने का संबल’
कोरिया 22 जून 2026
समय पर मिली छोटी-सी मदद किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है। ऐसा ही बदलाव कोरिया जिले के बैकुण्ठपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत फूलपुर निवासी श्रीमती उर्मिला के जीवन में देखने को मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत मिले पक्के मकान ने उनके एकाकी जीवन को नई सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास प्रदान किया है।
’कठिन परिस्थितियों में किया संघर्ष’
जिला पंचायत कोरिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाह के कुछ समय बाद ही श्रीमती उर्मिला का वैवाहिक जीवन टूट गया। इसके बाद उनके सामने आजीविका और आवास जैसी मूलभूत आवश्यकताओं की चुनौती खड़ी हो गई। विपरीत परिस्थितियों के बीच उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत पूजा महिला स्व-सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया।
समूह से जुड़ने के बाद उन्हें गांव के विद्यालय में मध्यान्ह भोजन बनाने का कार्य मिला। इसी आय के माध्यम से वह अपने जीवन-यापन की जिम्मेदारी निभा रही हैं।
’जरूरत के समय मिली आवास योजना की सहायता’
कच्चे मकान में रहकर अनेक कठिनाइयों का सामना कर रही उर्मिला को गत वित्तीय वर्ष में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास स्वीकृत हुआ। योजना से प्राप्त सहायता राशि ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव की नई शुरुआत की।
उम्मीद और आत्मविश्वास के साथ उन्होंने अपने पक्के मकान का निर्माण पूरा किया। वर्षों से सुरक्षित और सम्मानजनक घर का सपना देखने वाली उर्मिला की यह इच्छा आखिरकार पूरी हो गई।
’पक्के घर से बढ़ा आत्मविश्वास’
श्रीमती उर्मिला बताती हैं कि पहले उन्हें अपने रहने की सुरक्षा और भविष्य को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी। बरसात और अन्य मौसमों में कच्चे मकान की स्थिति उन्हें परेशान करती थी। लेकिन अब पक्का घर मिलने के बाद उनकी चिंताएं काफी हद तक दूर हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि सुरक्षित आवास मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और समाज में सम्मान भी मिला है। अब वह अपने आजीविका संबंधी कार्यों पर अधिक ध्यान दे पा रही हैं तथा सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर रही हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने उर्मिला को केवल एक पक्का घर ही नहीं दिया, बल्कि उन्हें सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भर जीवन का नया आधार भी प्रदान किया है।