छत्तीसगढ़ / मोहला मानपुर चौकी

जिले के छूटे किसान अवश्य कराएं एग्रीस्टेक पंजीयन

 - एग्रीस्टेक पंजीयन से जुड़े किसानो को मिलेगा योजनाओं का लाभ

 मोहला 25 जून 2026

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों के लिए एग्रीस्टेक  पंजीयन अभियान संचालित किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार आगामी खरीफ विपणन वर्ष में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने के लिए किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन अनिवार्य किया गया है। इसी क्रम में जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में किसानों को एग्रीस्टेक पंजीयन के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
           कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायतों, सहकारी समितियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित शिविरों के माध्यम से किसानों को जानकारी दी जा रही है कि एग्रीस्टेक पंजीयन के बिना समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने में कठिनाई हो सकती है। एग्रीस्टेक पंजीयन से किसानों की भूमि एवं फसल संबंधी जानकारी का डिजिटलीकरण होगा, जिससे विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुगमता से उपलब्ध कराया जा सकेगा।
           जिले के किसान अपना  एग्रीस्टेक पंजीयन ग्राम पंचायतए लोक सेवा केंद्र सीएससी, सहकारी समिति, कृषि विभाग के कार्यालय, तहसील कार्यालय तथा निर्धारित पंजीयन शिविरों में जाकर करा सकते हैं। पंजीयन के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर तथा भूमि संबंधी आवश्यक दस्तावेज साथ लाना आवश्यक है।
         जिला प्रशासन ने सभी किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना एग्रीस्टेक पंजीयन अवश्य कराएं, ताकि समर्थन मूल्य पर धान विक्रय सहित विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के प्राप्त किया जा सके। अधिक जानकारी के लिए किसान अपने निकटतम कृषि कार्यालयए ग्राम पंचायत या संबंधित विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image