छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष फोकस

 एमसीबी/ 25 जून 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन, पारदर्शी प्रशासन एवं जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान के संकल्प को साकार करने के लिए मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला प्रशासन द्वारा सीएम हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देशन में सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील एवं शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए हैं। जिले में अब तक सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से कुल 403 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 218 शिकायतें वर्तमान में लंबित हैं। वहीं 19 शिकायतों का निराकरण कर उनका क्लोजर किया जा चुका है, जबकि 166 शिकायतों का निराकरण होने के उपरांत हितग्राहियों से फीडबैक प्राप्त किया जाना शेष है। जिला प्रशासन द्वारा सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा विभागवार प्रगति की सतत निगरानी की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें तथा शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समाधान गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ करें। प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना ही नहीं, बल्कि शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि सुनिश्चित करते हुए उन्हें वास्तविक राहत प्रदान करना है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जिला प्रशासन इस दिशा में सक्रियता से कार्य कर रहा है और सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण को लेकर विशेष रूप से केंद्रित हैं। शिकायतों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जा रही है तथा आवश्यकतानुसार संबंधित विभागों से प्रगति प्रतिवेदन भी प्राप्त किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सभी लंबित शिकायतों का जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रभावी रूप से प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे। प्रशासन का मानना है कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान ही सुशासन की आधारशिला है और इसी उद्देश्य के साथ जिले में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image