छत्तीसगढ़ / जशपुर

कुनकुरी में सहकारी सप्ताह पर लगा मुफ्त मेडिकल कैंप: लोगों को मिलीं बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं

 जशपुरनगर

 सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की स्थापना के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारत सरकार एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक सहकारी सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कुनकुरी के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी स्थित जनऔषधि केंद्र में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श प्राप्त किया। 

शिविर के दौरान चिकित्सकों द्वारा नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञों ने लोगों को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा किसी भी बीमारी के प्रारंभिक लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी। चिकित्सकों ने शिविर में आए नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता, योग एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विभिन्न मौसमी बीमारियों से बचाव एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

सहकारिता और जनसेवा का प्रभावी समन्वय :

कार्यक्रम में सहकारिता विभाग, अपेक्स बैंक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही। स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक शिविर का लाभ उठाया। सहकारी सप्ताह के अंतर्गत आयोजित यह शिविर सहकारिता संस्थाओं के माध्यम से आमजन तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। सहकारी सप्ताह के दौरान जिले में किसानों एवं आम नागरिकों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से विभिन्न जनजागरूकता एवं जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है, जिससे सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाने के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक शासन की सुविधाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।

Leave Your Comment

Click to reload image