छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

सेवा संकल्प अभियान के तहत राजिम महानदी घाट में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

 गरियाबंद  ।  जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान–2026 के अंतर्गत राजिम महानदी घाट में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन 3 अक्टूबर 2026, शनिवार को प्रातः 7 बजे किया जाएगा। अभियान के तहत राजिम महानदी घाट के पुराना मंच से लक्ष्मण झूला तक घाट एवं नदी तट क्षेत्र की व्यापक साफ-सफाई की जाएगी। स्वच्छता अभियान के दौरान घाट एवं आसपास के नदी तट क्षेत्र में जमा कचरे और प्लास्टिक की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र को प्लास्टिक एवं कचरा मुक्त बनाना तथा श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों के लिए स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह पहल स्वच्छता के साथ-साथ नदी एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

आमनागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों सहित सभी वर्गों से सक्रिय सहभागिता की अपील-

जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता अभियान में जिले के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी कर्मचारियों सहित सभी वर्गों से स्वयं उपस्थित होकर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। सामूहिक श्रमदान के माध्यम से घाट परिसर की साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता को जनभागीदारी से स्थायी रूप देने का प्रयास किया जाएगा। राजिम धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। महानदी घाट पर वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का आना-जाना रहता है। ऐसे में घाटों की स्वच्छता एवं पर्यावरण-अनुकूल वातावरण बनाए रखना महत्वपूर्ण है। ‘स्वच्छ राजिम, सुंदर राजिम’ की भावना के साथ आयोजित इस अभियान में स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश दिया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image