छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पोड़ीडीह में लेटरल एंट्री से प्रवेश का सुनहरा अवसर

कक्षा 7वीं एवं 11वीं की रिक्त सीटों पर आवेदन शुरू, 17 जुलाई को होगी चयन परीक्षा

एमसीबी/06 जुलाई 2026

भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय तथा राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति, नई दिल्ली के अधीन संचालित पीएम श्री एकलव्य आदर्श सह-शैक्षणिक आवासीय विद्यालय, पोड़ीडीह, विकासखंड खड़गवां, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए लेटरल एंट्री (Lateral Entry) के माध्यम से कक्षा 7वीं एवं 11वीं की रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। विद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इच्छुक एवं पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित प्रारूप में ऑफलाइन आवेदन कर प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
जारी सूचना के अनुसार विद्यालय में कक्षा 7वीं में कुल 3 रिक्त सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें 1 बालक एवं 2 बालिकाओं को प्रवेश दिया जाएगा। वहीं कक्षा 11वीं में कुल 4 रिक्त सीटें हैं, जिनमें 3 बालक एवं 1 बालिका का चयन किया जाएगा। कक्षा 7वीं में प्रवेश चयन परीक्षा के आधार पर किया जाएगा, जबकि कक्षा 11वीं में प्रवेश कक्षा 10वीं के प्राप्तांक एवं मेरिट के आधार पर होगा।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन पत्र पूर्ण रूप से भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित 14 जुलाई 2026 तक विद्यालय कार्यालय, पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, पोड़ीडीह में जमा कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा का आयोजन 17 जुलाई 2026 को प्रातः 11रू30 बजे से दोपहर 1रू30 बजे तक विद्यालय परिसर में किया जाएगा।
प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी तथा राज्य द्वारा अधिसूचित अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग का सदस्य होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी किसी अन्य विद्यालय से निष्कासित नहीं होना चाहिए। आवेदन के साथ निर्धारित प्रारूप में सभी आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदन पत्र में विद्यार्थी एवं अभिभावक की जानकारी, आधार नंबर, पता, जन्मतिथि, शैक्षणिक विवरण सहित अन्य आवश्यक जानकारियां भरनी होंगी तथा निर्धारित घोषणा पत्र पर अभिभावक के हस्ताक्षर भी आवश्यक होंगे।
विद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता, आरक्षण, चयन नियम एवं अन्य विस्तृत जानकारी विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट
https://emrspodidih.org.in/page.php?id=11  पर उपलब्ध है। आवेदन पत्र भी इसी वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी विद्यालय के ईमेलeklavyakorea@gmail-com अथवा मोबाइल नंबर 7987200995 पर संपर्क कर सकते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत कर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। 

Leave Your Comment

Click to reload image