राजपूत समाज के आधार स्तंभ को अंतिम नमन, करणी सेना ने दी श्रद्धांजलि
राजनांदगांव |
2026-07-12 12:31:34
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय बहादुर सिंह बोले- राजेंद्र सिंह ठाकुर का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ राजपूत महासभा के संरक्षक राजेंद्र सिंह ठाकुर के निधन पर राजपूत समाज में शोक की लहर है। शनिवार को करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय बहादुर सिंह उनके निज निवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान जिला अध्यक्ष अमन बहादुर सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष गोल्डी भदौरिया, संतोष सिंह ठाकुर, संजय सिंह राजपूत सहित समाज के कई पदाधिकारियों ने दिवंगत ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
संजय बहादुर सिंह ने कहा कि राजेंद्र सिंह ठाकुर का निधन केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे राजपूत समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि ठाकुर जीवनभर समाजहित में समर्पित रहे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे। समाज को नई दिशा देने और लोगों को जोड़ने में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि राजेंद्र सिंह ठाकुर समाज के ऐसे आधार स्तंभ थे, जिनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। उनके निधन से समाज स्तब्ध है और हर वर्ग में शोक का माहौल है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ राजपूत महासभा के संरक्षक राजेंद्र सिंह ठाकुर का दो दिन पहले हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया था। उनके निधन के बाद लगातार विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाज के प्रतिनिधियों द्वारा उनके निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।