छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों और कार्यालयों में बनेंगे इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब, मतदाता जागरूकता को मिलेगा बढ़ावा

 गरियाबंद, 13 जुलाई 2026

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों तथा शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब का गठन किया जाएगा।

निर्वाचन कार्यालस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के समस्त विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए ईएलसी फ्यूचर वोटर्स का गठन किया जाएगा। जबकि प्रत्येक मतदान केंद्र स्तर पर स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से चुनाव पाठशाला संचालित होगी। वहीं सभी शासकीय एवं निजी संस्थानों तथा कार्यालयों में वोटर अवेयरनेस फोरम का गठन कर अधिकारी-कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सभी संबंधित संस्थानों को क्लबों का गठन कर नोडल अधिकारियों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने, निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़ने तथा नियमित रूप से चुनावी साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इन गतिविधियों के अंतर्गत संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी, भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका, मतदाता सूची और मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), ईवीएम एवं वीवीपैट का प्रदर्शन, मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया की जानकारी, नैतिक एवं जागरूक मतदान को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रम, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, मॉक पोल, निबंध प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा, चुनाव से संबंधित भ्रामक सूचनाओं और फर्जी खबरों की पहचान तथा उनके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 

Leave Your Comment

Click to reload image