छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

घुनघुटी नाला उच्चस्तरीय पुल पर आवागमन शुरू, पहुंचमार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण

 अतिवृष्टि से प्रभावित पहुंचमार्ग की तत्काल मरम्मत, वर्षा बाद शेष सुरक्षात्मक कार्य होंगे पूर्ण

गरियाबंद, 13 जुलाई 2026

जिले के मडे़ली-जरगांव मार्ग स्थित घुनघुटी नाला पर निर्मित उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंचमार्ग पर आवागमन सुचारु रूप से प्रारंभ हो गया है। लोक निर्माण विभाग सेतु निर्माण उपसंभाग के अनुविभागीय अधिकारी ने बताया कि पुल का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद पहुंच मार्ग पर मिट्टी कार्य जी.एस.बी., डब्ल्यू.एम.एम., पी.सी.सी. टो-वॉल तथा डामरीकरण का कार्य भी संपन्न कराया गया है। विभाग द्वारा निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी गई। निरीक्षण के दौरान कंक्रीट ब्लॉक पिचिंग एवं फिल्टर मीडिया के कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए गए, ताकि संरचना की दीर्घकालिक मजबूती सुनिश्चित हो सके।
जुलाई माह के प्रथम सप्ताह में हुई अतिवृष्टि के कारण पहुंचमार्ग के किनारे का कुछ हिस्सा प्रभावित हुआ था। इस स्थिति को देखते हुए विभाग ने तत्काल आवश्यक कदम उठाते हुए क्षतिग्रस्त भाग पर जी.एस.बी. बिछाकर मार्ग को सुरक्षित बनाया, जिससे आवागमन निर्बाध रूप से जारी है। विभागीय अधिकारियों द्वारा निर्माण एजेंसी को शेष सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश लगातार दिए जा रहे हैं। वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद प्रभावित हिस्से का पुनः डामरीकरण तथा कंक्रीट ब्लॉक पिचिंग एवं फिल्टर मीडिया का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कराया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image