छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

लक्ष्य तय कर नियमित मेहनत करें, सफलता जरूर मिलेगी: जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे

 गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 16 जुलाई 2026/ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे ने आज पेंड्रा स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए शिक्षक उपस्थिति पंजी एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी प्राचार्य से प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान श्री रावटे ने कक्षा 12वीं विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए नियमित अध्ययन एवं अनुशासित दिनचर्या अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के व्यक्तित्व, सोच और जीवन दृष्टि का निर्माण करती है।
         उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, समूह में अध्ययन करने, प्रत्येक विषय की अवधारणाओं को अच्छी तरह समझने तथा एक-दूसरे की पढ़ाई में सहयोग करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जो साथी किसी कारणवश नियमित रूप से विद्यालय नहीं आ रहे हैं, उन्हें भी पढ़ाई के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी छात्र शिक्षा से वंचित न रहे। श्री रावटे ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही हर लक्ष्य तक पहुंचने का सबसे प्रभावी मार्ग है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और ईमानदारी के साथ अध्ययन करने कहा।

Leave Your Comment

Click to reload image