छत्तीसगढ़ / बेमेतरा

सेवा सेतु पोर्टल से नवविवाहित दंपत्ति को मिली त्वरित सुविधा

 ऑनलाइन आवेदन के बाद कम समय में जारी हुआ विवाह प्रमाण पत्र

बेमेतरा ।  छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित सेवा सेतु पोर्टल आम नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी एवं सुलभ बनाने की दिशा में प्रभावी माध्यम साबित हो रहा है। इस पोर्टल के माध्यम से विभिन्न प्रमाण पत्रों एवं शासकीय सेवाओं का लाभ अब नागरिकों को कम समय में, बिना अनावश्यक भागदौड़ के प्राप्त हो रहा है।

इसी क्रम में जिले की देवकर तहसील अंतर्गत नगर पंचायत देवकर के वार्ड क्रमांक 14 निवासी पितेश्वरी सिन्हा, पिता  नरेंद्र सिन्हा का विवाह राजनांदगांव जिले के ग्राम खैरझिटी निवासी डिलेश्वर कुमार, पिता  लोखुराम के साथ संपन्न हुआ। विवाह उपरांत नवविवाहित दंपत्ति द्वारा सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विवाह प्रमाण पत्र हेतु ऑनलाइन आवेदन किया गया।

आवेदन प्राप्त होने के पश्चात संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण एवं सत्यापन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया। सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद कम समय में विवाह प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, सुगम एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न हुई।

विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर नवविवाहित दंपत्ति ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ शासन, जिला प्रशासन तथा संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से शासकीय सेवाएं पहले की अपेक्षा अधिक आसान, पारदर्शी और जनसुलभ हो गई हैं, जिससे नागरिकों का समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image