स्वच्छ पेयजल की दिशा में बड़ा कदम: ग्राम सेमरिया के हैंडपंपों का क्लोरीनेशन, जलजनित बीमारियों से बचाव हुआ और मजबूत
एमसीबी/ 28 जुलाई 2026
जिले के विकासखंड मनेन्द्रगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत डुगला के ग्राम सेमरिया में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सार्वजनिक हैंडपंपों का क्लोरीनेशन कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना, जल स्रोतों की गुणवत्ता बनाए रखना तथा जलजनित बीमारियों की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करना है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता आकाश पोद्दार के निर्देशानुसार विभाग की तकनीकी टीम एवं हैंडपंप टेक्निशियनों ने ग्राम के सभी सार्वजनिक हैंडपंपों में निर्धारित मानकों के अनुरूप 30 एमएल क्लोरीन का उपयोग कर क्लोरीनेशन किया। इस वैज्ञानिक प्रक्रिया से पेयजल में मौजूद हानिकारक जीवाणुओं, बैक्टीरिया एवं संक्रमण फैलाने वाले सूक्ष्मजीवों का प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया गया, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सके।
क्लोरीनेशन अभियान के साथ-साथ विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के उपयोग, जल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई, जलजनित रोगों से बचाव तथा जल संरक्षण के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि यदि जल स्रोतों की स्वच्छता और रखरखाव पर सामूहिक रूप से ध्यान दिया जाए तो अनेक गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।
ग्रामीणों ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने, पेयजल को प्रदूषित होने से बचाने तथा सुरक्षित जल के संरक्षण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नियमित क्लोरीनेशन अभियान से गांव में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जल गुणवत्ता संरक्षण, हैंडपंपों के क्लोरीनेशन तथा सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगातार अभियान संचालित किए जा रहे हैं। विभाग का लक्ष्य प्रत्येक ग्रामीण तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाना, जलजनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा स्वस्थ एवं स्वच्छ गांवों के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देना है।