छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

जिला जनगणना हस्तपुस्तिका प्रशिक्षण में शामिल हुए कलेक्टर, कहा प्रशिक्षण को गंभीरता से सीखें, फील्ड में उतना ही बेहतर होगा कार्य

 राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण एवं डिजिटल सर्वे कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 29 जुलाई 2026

जनगणना कार्य निदेशालय, छत्तीसगढ़ के निर्देशन में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीएचबी) तैयार करने हेतु दो दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ आज एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना कार्यालय गौरेला के सभा कक्ष में हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. शामिल हुए और प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता से सीखना और समझना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान का जितना बेहतर उपयोग किया जाएगा, फील्ड में कार्य भी उतनी ही दक्षता और गुणवत्ता के साथ संपादित होगा। 
        कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को अपने मूल दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना संबंधी दायित्वों के साथ-साथ राजस्व प्रकरणों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आगामी 16 अगस्त से प्रारंभ होने वाले डिजिटल क्रॉप सर्वे के कार्य की तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, स्वामित्व योजना, आरबीसी 6-4 के प्रकरणों सहित सभी लंबित राजस्व मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के लिए निर्देशित किया।
         जिला जनगणना के नोडल अधिकारी श्री धर्मराज मीना ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिला जनगणना हस्तपुस्तिका की तैयारी, प्रक्रिया एवं प्रशिक्षण की रूपरेखा की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण के उपरांत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार की जाती है, जिसे भारत के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा प्रकाशित किया जाता है। इस कार्य में मुख्य रूप से पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।उन्होंने बताया कि दोनों चरणों में लगभग 65 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह कार्य 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक डिजिटल माध्यम से डीसीएचबी पोर्टल एवं डीसीएचबी मोबाइल एप के जरिए संपादित किया जाएगा।
         जिला जनगणना हस्तपुस्तिका में राजस्व ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं से संबंधित जानकारी, जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, बैंकिंग, कृषि एवं फसल संबंधी विवरण सहित अन्य महत्वपूर्ण आंकड़े ऑनलाइन दर्ज किए जाएंगे। कार्य की नियमित मॉनिटरिंग चार्ज अधिकारियों द्वारा की जाएगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, एसडीएम पेंड्रारोड श्री अमित बेक, जिले के सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी तथा नगरीय निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image