कलेक्टर ने ग्राम पंचायत बसदई के अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र का किया निरीक्षण
ग्रामीणजनों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं सेवाओं को सुलभ बनाने दिए निर्देश
सूरजपुर/30 जुलाई 2026
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील द्वारा आज ग्राम पंचायत बसदई स्थित जनपद पंचायत कार्यालय, ग्रामीण सचिवालय एवं अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केन्द्र में संचालित नागरिक सुविधाओं, वित्तीय समावेशन सेवाओं एवं सीएससी की सेवाओं की जानकारी ली तथा वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती जमील ने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणजन को बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र के माध्यम से ग्रामीणों को जन्म-मृत्यु पंजीयन, आय-निवास-जाति प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन सहित विभिन्न राजस्व सेवाओं का लाभ सुगमता से मिलना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सीएससी सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करने पर बल दिया।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी सेवाओं को सुलभ बनाया जाए, जिससे ग्रामीणजनों को अपने आवश्यक कार्यों हेतु शहर तक न जाना पड़े और उन्हें गांव में ही समस्त शासकीय सेवाओं का लाभ प्राप्त हो सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।