हौसलों की उड़ान दिव्यांगता को मात देकर बचेली के श्री चितुराम नाग ने चुकाया छत्तीसगढ़ वित्त विकास निगम का पूर्ण ऋण, बने समाज के रोल मॉडल।
दंतेवाड़ा, 31 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ वित्त एवं विकास निगम रायपुर से स्वरोजगार व आर्थिक उत्थान के लिए ऋण लेने वाले नागरिकों के लिए एक बेहद गौरवशाली और प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। बचेली निवासी दिव्यांग हितग्राही श्री चितुराम नाग, वार्ड कमांक-01, जिला दन्तेवाड़ा ने अपनी शारीरिक चुनौतियों को दरकिनार कर आत्मनिर्भरता की एक नई मिसाल पेश की है। उन्होंने वर्ष 2017 में छत्तीसगढ़ वित्त एवं विकास निगम रायपुर से अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने हेतु 3,60,000 रूपये (तीन लाख साठ हजार रूपये) का ऋण प्राप्त किया था।
हितग्राही श्री चितुराम नाग ने अपनी दिव्यांगता को कभी अपने आड़े नहीं आने दिया और अपनी अटूट मेहनत, दृढ़ संकल्प तथा ईमानदारी से निगम के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निवर्हन किया। वित्तीय अनुशासन का सर्वोत्कृष्ट परिचय देते हुए उन्होंने इस सम्पूर्ण ऋण राशि का समय सीमा के भीतर पूर्ण भुगतान कर दिया है। उनका ऋण खाता अब पूर्ण रूप से नस्तीबद्ध हो चुका है, जो उनके स्वावलंबन को प्रमाणित करता है। शारीरिक बाधाओं को पार कर वित्तीय दायित्वों को समय पर निभाने के इस अभूतपूर्व कदन के लिए सम्बन्धित विभाग के उच्चाधिकारियों एवं समस्त कर्मचारियों द्वारा श्री चितुराम नाग की प्रशंसा की गई तथा उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।
व्यावसायिक प्रशिक्षण देने और प्रतिदिन 300-500 कमाई सुनिश्चित करने के निर्देश-
निगम के उच्चाधिकारियों द्वारा दिव्यांग हितग्राहियों के आर्थिक सशक्तिकरण को और मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इसके तहत विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मूक बधिर दिव्यांग हितग्राहियों को विशेष व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, जिससे प्रशिक्षण प्राप्त कर वे सक्षम बन सकें। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक दिव्यांग हितग्राही को ऐसा कौशल मिले जिससे वे प्रतिदिन 300 से 500 तक की नियमित कमाई कर सकें, साथ ही जो दिव्यांग हितग्राही ऋण लिए हैं और भुगतान नहीं कर रहे हैं, उनके ऊपर कानूनी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान श्री लोकेश कावडि़या जी अध्यक्ष छ.ग वित्त एवं विकास निगम रायपुर (राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त), श्री पंकज वर्मा प्रबंधक संचालक छ.ग वित्त एवं विकास निगम रायपुर, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, उप संचालक समाज कल्याण श्री मूलचंद चोपड़ा एवं समाज कल्याण के कर्मचारी उपस्थित रहें।