छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

रक्षा सूत्र अभियान में उमड़ा देशभक्ति का जज़्बा,

 रक्षा सूत्र अभियान में उमड़ा देशभक्ति का जज़्बा,


 राधेश्याम सोनवानी :- गरियाबंद से 2500 राखियां सैनिक भाइयों के लिए भेजी जाएंगी
गरियाबंद। भाजपा महिला मोर्चा के "सिपाही रक्षा सूत्र" अभियान के तहत गरियाबंद जिले में सैनिक भाइयों के लिए रक्षा सूत्र (राखी) संकलन अभियान उत्साहपूर्वक चलाया जा रहा है। अभियान में छात्राओं, महिलाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के प्रति अपना स्नेह और सम्मान व्यक्त किया।
यह अभियान भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बिंदु सिन्हा एवं जिला प्रभारी सविता चंद्राकर के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या शाला, सरस्वती शिशु मंदिर, श्रद्धा पब्लिक स्कूल, डाक बंगला माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला, रावणभाठा प्राथमिक शाला, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय गरियाबंद सहित विभिन्न विद्यालयों एवं महिला समितियों में रक्षा सूत्र संकलन किया गया।
विशेष रूप से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, गरियाबंद की छात्राओं ने अपने हाथों से 150 राखियां तैयार कर देश के सैनिक भाइयों के प्रति सम्मान और स्नेह का संदेश दिया। जिलेभर से अब तक करीब 2500 राखियों का संकलन किया जा चुका है, जिन्हें सैनिकों तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान में भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बिंदु सिन्हा, मिलेश्वरी साहू, जिला मंत्री माही यादव, गरियाबंद मंडल महामंत्री मंजरी गुप्ता तथा अनुसूचित जाति वर्ग की प्रतिनिधि प्रतिभा हुमने सहित महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने विद्यालयों और महिला समितियों में पहुंचकर रक्षा सूत्र संकलित किए तथा लोगों को सैनिकों के सम्मान में इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि "सिपाही रक्षा सूत्र" अभियान केवल राखी भेजने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की सीमाओं की रक्षा में जुटे वीर सैनिकों के प्रति पूरे समाज की श्रद्धा, सम्मान और आत्मीयता का प्रतीक है। अभियान के माध्यम से बहनों का स्नेह और शुभकामनाएं रक्षा बंधन के अवसर पर देश के जवानों तक पहुंचाई जाएंगी।

Leave Your Comment

Click to reload image