पर्यटन, जनजातीय संस्कृति और ग्रामीण विकास पर कलेक्टर का फोकस, राजमेरगढ़ व कबीर चबूतरा का किया निरीक्षण
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 1 अगस्त 2026
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के ने गौरेला विकासखंड के राजमेरगढ़, कबीर चबूतरा, अगरियापारा, छोटकीरेवार और केवची क्षेत्र का निरीक्षण कर पर्यटन, जनजातीय संस्कृति और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों की जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न विकास कार्यों में तेजी लाने तथा स्थानीय संसाधनों को रोजगार और पर्यटन से जोड़ने के निर्देश दिए। राजमेरगढ़ में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बैगा समुदाय के पारंपरिक आवासों को होम-स्टे के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार एवं आय के नए अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही उन्होंने राजमेरगढ़ के ट्रेकिंग प्वाइंट को विकसित कर साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ाने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने जिले के प्रमुख धार्मिक एवं आस्था स्थल कबीर चबूतरा का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां बने सीसी रोड की जानकारी ली तथा क्रेडा विभाग को सोलर ड्यूल पंप का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सामुदायिक शौचालय निर्माण पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कबीर चबूतरा स्थित चरण कुंड, कबीर वट सहित अन्य स्थलों के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व तथा उनकी प्रमाणिकता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने यह भी जाना कि वर्षभर में किन अवसरों पर यहां सबसे अधिक श्रद्धालु पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि श्रावण माह के प्रत्येक सोमवार तथा पूर्णिमा के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।
कलेक्टर ने अगरियापारा स्थित बहुउद्देशीय केंद्र का निरीक्षण करते हुए केवची वन धन केंद्र के संग्रहण के लिए कक्ष आवंटित करने तथा उसका नियमित एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने छोटकीरेवार में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की तथा गर्भवती महिलाओं की संख्या और क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता की जानकारी ली। साथ ही केवची में प्रस्तावित जनजातीय संग्रहालय के लिए उपयुक्त स्थल का चयन भी किया। निरीक्षण के दौरान वनमंडलाधिकारी श्रीमती ग्रीष्मी चांद, भारतीय वन सेवा प्रशिक्षु अधिकारी श्री गौतम पडिभार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश मिश्रा, एसडीएम पेंड्रारोड श्री अमित बेक, सरपंच श्रीमती सुरंजना आयाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।