छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

*भोरमदेव पदयात्रा में पूर्व कलेक्टर्स व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हुए शामिल*

 *भोरमदेव पदयात्रा में पूर्व कलेक्टर्स व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हुए शामिल*


कवर्धा, 03 अगस्त 2026/ सावन के पहले सोमवार को बूढ़ा महादेव मंदिर से भोरमदेव तक निकली 18 किलोमीटर की पदयात्रा में हजारों शिवभक्तों के साथ जिले में वर्तमान और पूर्व में पदस्थ रहे प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हुए। वर्षों पहले जिले में सेवाएं दे चुके अधिकारी भी परिवार सहित पदयात्रा में शामिल होने पहुंचे।

पूर्व कलेक्टर श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी, श्रीमती आर. संगीता, श्री पी. दयानंद और पूर्व सीईओ जिला पंचायत श्री कुंदन कुमार ने बूढ़ा महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर पदयात्रा प्रारंभ की। श्रद्धालुओं के साथ पैदल चलते हुए सभी भोरमदेव मंदिर पहुंचे, जहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।

यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर श्रद्धा और उत्साह का वातावरण रहा। "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से मार्ग गुंजायमान रहा। विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों ने पदयात्रियों के लिए पेयजल, चाय नाश्ते सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पदयात्रियों का स्वागत भी किया।

बाबा भोरमदेव जिले की आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। यही कारण है कि यहां सेवाएं दे चुके अधिकारी भी सावन माह में परिवार सहित पदयात्रा में शामिल होकर अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं। इस वर्ष पदयात्रा के लिए कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा और पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र यादव के मार्गदर्शन में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा पेयजल एवं जलपान सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सुविधाओं संबंधी व्यवस्थाएं की गई थीं। पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे हजारों श्रद्धालुओं ने सुरक्षित ढंग से पदयात्रा पूर्ण की।

Leave Your Comment

Click to reload image