**कांग्रेस नेता तुकाराम चंद्रवंशी की अभद्र टिप्पणी से मचा बवाल** - महिला मोर्चा ने कहा माफी नहीं तो आंदोलन की चेतावनी--
कबीरधाम |
2026-08-05 10:36:01
**कांग्रेस नेता तुकाराम चंद्रवंशी की अभद्र टिप्पणी से मचा बवाल** - महिला मोर्चा ने कहा माफी नहीं तो आंदोलन की चेतावनी--
पंडरिया-कवर्धा-
पंडरिया विधायक भावना बोहरा के खिलाफ कांग्रेस नेता तुकाराम चंद्रवंशी की कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर जिले की राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने पंडरिया में सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं के साथ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने तुकाराम चंद्रवंशी के प्रतीकात्मक चित्र पर जूते की माला पहनाकर अपना आक्रोश जताया और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तुकाराम चंद्रवंशी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो आंदोलन पूरे जिले में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।
महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी महिला जनप्रतिनिधि के खिलाफ अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। उनका कहना था कि यह केवल विधायक भावना बोहरा का नहीं, बल्कि प्रदेश की सभी महिलाओं के सम्मान का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेताओं की भाषा और व्यवहार महिलाओं के प्रति उनकी सोच को उजागर करता है, जिसे समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा।
भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष अंजू शर्मा ने कहा कि विधायक भावना बोहरा के खिलाफ की गई टिप्पणी प्रत्येक महिला के आत्मसम्मान पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि राजनीति में विरोध और वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी महिला के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा महिला मोर्चा महिला सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और यदि सार्वजनिक माफी नहीं मांगी गई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री गौरी साहू ने कहा कि लोकतंत्र में भाषा की मर्यादा बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। व्यक्तिगत और अभद्र टिप्पणियां राजनीतिक संस्कृति को कमजोर करती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता तुकाराम चंद्रवंशी को अपनी टिप्पणी पर तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। अन्यथा महिला मोर्चा जिला ही नहीं, बल्कि प्रदेश स्तर तक इस मुद्दे को लेकर व्यापक आंदोलन करेगा।
विरोध प्रदर्शन में महिला मोर्चा की जिला एवं मंडल स्तर की पदाधिकारी, बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता तथा भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में महिला सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की समझौता नीति नहीं अपनाई जाएगी।
समाचार लिखे जाने तक कांग्रेस नेता तुकाराम चंद्रवंशी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। ऐसे में यह मामला जिले की राजनीति में नया विवाद बनता दिखाई दे रहा है। यदि सार्वजनिक माफी नहीं आती है, तो भाजपा महिला मोर्चा के आंदोलन के अगले चरण को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।