छत्तीसगढ़ / कोरिया

’पंचायतीराज पदाधिकारियों ने समझा विकसित भारत जीरामजी का विजन एंव उद्देश्य’

 ’जिला पदाधिकारियों की रायपुर तथा जनपद पदाधिकारियों की सभागीय कार्यशाला संपन्न’

कोरिया 05 अगस्त 2026

विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गांरटी मिशन यानी वीबीजीरामजी योजना से पंचायती राज पदाधिकारियों अवगत कराने के लिए विस्तृत प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया है। इसके तहत जिला स्तरीय पंचायती राज पदाधिकारियों के प्रशिक्षण के लिए रायपुर में प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न हुई। साथ ही जनपद पंचायत स्तर के पंचायती राज पदाधिकारियों के लिए संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गांरटी मिशन से ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज पदाधिकारियों की सहभागिता से विकास के विजन को आगे ले जाना इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य रहा। प्रशिक्षण सह कार्यशाला में भाग लेकर अब जिले के सभी पंचायती राज पदाधिकारी वीबी जीरामजी योजना से पूर्णतया अवगत होकर जिले के विकास में और तेजी से सहभागिता प्रदान कर सकेंगे। 

’प्रशिक्षण सह कार्यशाला का रोस्टर’
राज्य कार्यालय द्वारा निर्धारित प्रशिक्षण सह कार्यशाला के रोस्टर अनुसार गत तीन अगस्त को पूरे राज्य के जिला पंचायत स्तरीय स्थायी समितियों के सभापतियों के लिए प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित हुई जिसमें अध्यक्ष श्री मोहितराम पैकरा, उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े, श्रीमती स्नेहलता उदय, श्री सुरेश सिंह तथा श्रीमती शिवकुमारी तथा चार अगस्त को श्रीमती संगीता सोनवानी, श्री राजेश साहू, श्रीमती सुषमा कोराम, श्रीमती सौभाग्यवती सिंह तथा श्रीमती गीता राजवाड़े को विकसित भारत जीरामजी योजना की विस्तृत जानकारी हेतु नामित किया गया। वहीं जनपद पंचायत के सभी पदाधिकारियों को चार अगस्त को संभागीय मुख्यालय में योजना से अवगत होने के लिए प्रशिक्षण सह कार्यशाला में नामित किया गया। 

’निर्धारित प्रशिक्षण स्थल’ 
जिला स्तरीय पंचायती राज पदाधिकारियों को विकसित भारत जीरामजी योजना की विस्तृत जानकारी हेतु ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास प्रशिक्षण संस्थान निमोरा रायपुर में आहूत किया गया था। वहीं चार अगस्त को ही जनपद स्तरीय समस्त पंचायती राज पदाधिकारियों को संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में प्रशिक्षण सह कार्यशाला में योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। 

’प्रशिक्षण के मूल विषय’
विकसित भारत जीरामजी योजना के लिए राज्य स्तर तथा संभागीय स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में पंचायती राज पदाधिकारियों को वीबीजीरामजी अधिनियम 2025 के विजन एवं उद्देश्यों से अवगत कराया गया। साथ ही पंचायती राज पदाधिकारियों की भूमिका और जिम्मेदारी पर भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यशाला में विकसित ग्राम पंचायत योजनाओं की जानकारी, योजना अंतर्गत लिए जाने वाले कार्य, परिवारों का पंजीयन, ग्रामीण रोजगार, योजना के सभी प्रावधान, निगरानी और पर्यवेक्षण तथा शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। ग्रामीण विकास के लिए योजनाओं के अभिसरण, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ सामाजिक अंकेक्षण की महत्ता से भी पंचायती राज पदाधिकारी अवगत हुए।  

’सहभागिता से विकास में आएगी गति’
प्रशिक्षण सह कार्यशाला की जानकारी देते हुए जिला पंचायत कोरिया के मुख्यकार्यपालन अधिकारी श्री योगेन्द्र श्रीवास ने बताया कि कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास के अंतर्गत क्षेत्र के विकास के लिए वीबी जीरामजी अंतर्गत सतत कार्य किए जा रहे हैं। पंचायती राज पदाधिकारियों के प्रशिक्षण उपरांत उनकी सक्रिय सहभागिता से विकास कार्यों को और गति प्राप्त होगी।

Leave Your Comment

Click to reload image