छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

भावना बोहरा ने सेमरहा के नितेश का बढ़ाया हौसला, बी.फार्मेसी में प्रवेश दिलाकर संवारा भविष्य

 भावना बोहरा ने सेमरहा के नितेश का बढ़ाया हौसला, बी.फार्मेसी में प्रवेश दिलाकर संवारा भविष्य


पंडरिया। वनांचल क्षेत्र के ग्राम सेमरहा के छात्र नितेश धुर्वे के जीवन में शिक्षा की नई शुरुआत हुई है। बिलासपुर स्थित चौकसे कॉलेज में बी.फार्मेसी पाठ्यक्रम में उनका प्रवेश होने के साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की नई राह खुल गई है। यह उपलब्धि केवल एक छात्र की शैक्षणिक सफलता नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों के बीच भी शिक्षा के प्रति अटूट विश्वास और संकल्प का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने नितेश धुर्वे का कॉलेज में प्रवेश कराते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जब किसी बच्चे के सपनों को अपना संकल्प बना लिया जाए, तो उसकी हर उपलब्धि परिवार की खुशी जैसी प्रतीत होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि नितेश अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर उच्च शिक्षा प्राप्त कर जीवन में नई सफलताएं अर्जित करेंगे तथा अपने माता-पिता, समाज और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
नितेश धुर्वे का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। सेमरहा में हुई दुखद दुर्घटना के कारण उन्होंने अपने प्रिय परिजन को खोने का गहरा आघात सहा। विपरीत परिस्थितियों और मानसिक पीड़ा के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और शिक्षा को ही अपने भविष्य का आधार बनाया। अब बी.फार्मेसी में प्रवेश उनके संघर्ष, धैर्य और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक बन गया है।
सेमरहा दुर्घटना से प्रभावित परिवारों के बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे बच्चों को पारिवारिक संबल की कमी महसूस न हो, इसके लिए उनकी शिक्षा, मार्गदर्शन और भविष्य निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर सम्मानजनक जीवन की दिशा में आगे बढ़ाना है।
स्थानीय लोगों ने नितेश की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे वनांचल क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी बताया। उनका मानना है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद यदि शिक्षा का साथ नहीं छोड़ा जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। नितेश की यह नई शुरुआत अनेक युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण है और यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास तथा शिक्षा के बल पर जीवन की हर चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है।

Leave Your Comment

Click to reload image