छत्तीसगढ़ / जशपुर

प्राकृतिक आपदा के 5 प्रकरणों में मृतकों के परिजनों को कुल 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत

 जशपुरनगर । छत्तीसगढ़ शासन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के प्रावधानों के अंतर्गत प्राकृतिक आपदा एवं नैसर्गिक विपत्तियों से होने वाली जनहानि पर प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसी के तहत प्राकृतिक आपदाओं में हुई मृत्यु के 5 प्रकरणों में कलेक्टर  रोहित व्यास द्वारा कुल 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

      अपर कलेक्टर  प्रदीप साहू से प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील मनोरा के ग्राम गजमा निवासी स्व. अंश राम भगत की 2 अक्टूबर 2024 को गड्ढे के पानी में डूबने से मृत्यु हो गई थी। इस प्रकरण में मृतक के निकटतम वैध वारिस उनके पिता  नरेश राम को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार तहसील जशपुर के ग्राम बरपानी निवासी स्व. ईश्वर राम की 17 मई 2025 को कलारू डेम में नहाने के दौरान डूबने से मृत्यु हो गई थी। इस प्रकरण में मृतक की निकटतम वैध वारिस उनकी पत्नी श्रीमती रिखमुनी बाई को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। तहसील जशपुर के ग्राम आगडीह निवासी स्व. श्रवण बड़ाईक की 7 जून 2025 को सिरकीकोना बांध में नहाने के दौरान डूबने से मृत्यु हो गई थी। इस प्रकरण में मृतक के निकटतम वैध वारिस उनके पिता  आनंद बड़ाईक को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार तहसील जशपुर के ग्राम मधुवनटोली, जशपुरनगर निवासी स्व. दिव्यांशी कुमारी की 6 जनवरी 2025 को कुएं के पानी में डूबने से मृत्यु हो गई थी। इस प्रकरण में मृतिका के निकटतम वैध वारिस उनके पिता  अर्जुन राम को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। वहीं तहसील सन्ना के ग्राम गायबुड़ा निवासी स्व. सुचिता बाई की 11 जून 2025 को सर्पदंश के बाद उपचार के दौरान अंबिकापुर अस्पताल में मृत्यु हो गई थी। इस प्रकरण में मृतिका के निकटतम वैध वारिस उनकी माता श्रीमती बिपति बाई एवं पिता  सुरेश एदगे को संयुक्त रूप से 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।

    उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा प्राकृतिक आपदा एवं आकस्मिक जनहानि के मामलों में प्रभावित परिवारों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image