सीनियर सिटीजन समिति ने बच्चों को बांटे जूते-मोजे और शैक्षिक सामग्रियां
कबीरधाम । कवर्धा से करीब 12 किलोमीटर दूर मैकल पर्वत श्रेणी की तलहटी में बसा सरोदा जलाशय से सटा वनांचल गांव मंडलाकोन्हा के शासकीय प्राथमिक स्कूल में अध्ययनरत 64 विद्यार्थियों को सीनियर सिटीजन समिति की ओर से जूते-मोजे, अभ्यास पुस्तिकाएं और पेन, पेन्सिल्स, ईरेजर्स, शार्पनर्स आदि लेखन सामग्रियां वितरित की गई। इसके साथ ही डॉ. अनुशिका यदु की ओर से सभी बच्चों के लिए फंडामेंटल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी (एफएलएन) का महत्वपूर्ण शैक्षिक टूल ‘मेरी पहली पुस्तक-पहाड़ा’ भी उपलब्ध कराया गया।
मंडलाकोन्हा विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय बाहुल्य गांव है। यहां 62 परिवार रहते हैं और आबादी करीब 200 है। गांव में रहने वाले अधिकांश परिवार वंचित और अलाभित वर्ग से हैं। शासकीय प्राथमिक स्कूल में मंडलाकोन्हा, भेलवाटोला और पड़रीपथरा के बच्चे पढ़ते हैं। इनमें 60 विद्यार्थी विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग से बैगा बच्चे हैं, जबकि चार अन्य पिछड़ा वर्ग से हैं।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी एफआर वर्मा, सहायक संचालक यू.आर. चंद्राकर, नीलेश चंद्रवंशी एवं सतीश कुमार यदु एम.आई.एस, प्रशासक सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। डीईओ वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव की अपील पर समाजसेवी संस्था द्वारा विद्यार्थियों को फुटवियर उपलब्ध कराने की पहल अनुकरणीय है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक समिति के सदस्यों को इस कार्य के लिए साधुवाद दिया। उन्होंने बच्चों और पालकों को संबोधित करते हुए शिक्षा और साक्षरता के महत्व पर जोर दिया। साथ ही शिक्षकों और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति को जरूरी बताया। अधिकारियों ने बच्चों को पढ़ाई के प्रति नियमित रहने और उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
बच्चों के लिए शैक्षिक और उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराने में समिति के 58 सक्रिय सदस्यों ने सहयोग किया। सदस्यों ने करीब 21 हजार रुपए की राशि दान के रूप में जुटाई। समिति के पदाधिकारी और दो दर्जन से अधिक सदस्य मंडलाकोन्हा पहुंचे। उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से जूते-मोजे पहनाए, माथे पर गुलाल का टीका लगाकर स्वागत किया और अच्छी तालीम हासिल करने की सीख दी। समिति के सदस्यों ने बच्चों से कहा कि संसाधनों की कमी पढ़ाई में बाधा नहीं बननी चाहिए। मेहनत और नियमित अध्ययन से वे अपने गांव और परिवार का नाम रोशन कर सकते हैं। समिति ने भविष्य में भी विद्यालय में आने और बच्चों के बीच इसी तरह सहयोग करने की बात कही।
समिति के कार्यक्रम के दौरान नियमित भ्रमण पर निकले एडीशनल एसपी अमित पटेल भी विद्यालय पहुंचे। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक समिति की इस पहल की सराहना करते हुए सदस्यों को बधाई दी। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पालक-शिक्षक, संकुल प्राचार्य खैरबना कला दयाशंकर साहू, विद्यालय प्रमुख जगदीश चौधरी, सिन्हा जी और संकुल समन्वयक विजय शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। समिति के सदस्य विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. एन.के. यदु और आर.के. भूआर्य ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच की। बच्चों को स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी जानकारी भी दी गई। पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर में फलदार पौधों का रोपण भी किया गया। सीनियर सिटीजन समिति ने ‘बाल देवो भव’ की भावना को ध्यान में रखते हुए इस कार्यक्रम का आयोजन किया। बैगा बाहुल्य और प्राकृतिक सौंदर्य से अच्छादित मंडलाकोन्हा जैसे दुर्गम पहाड़ी के उस पार गांव में पहुंचकर बच्चों को पढ़ाई की सामग्री देना केवल वितरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की मुख्यधारा से दूर बच्चों तक सहयोग पहुंचाने की पहल भी रही। इस अवसर पर सीनियर सिटीजन समिति अध्यक्ष मदन तम्बोली, कोषाध्यक्ष बलदाऊ प्रसाद सोनी, संस्थापक सदस्य श्याम सुंदर जैन सहित सहसचिव प्रभाकर शुक्ला, उपाध्यक्ष मुरली सिंह ठाकुर व उपाध्यक्ष सतीश यदु, आदित्य श्रीवास्तव, पंकज सिंह ठाकुर, एनके चंद्रा, सोमप्रकाश वर्मा, प्रफुल गुप्ता, रजिंदर सिंह छाबड़ा, अशोक देवांगन, राजेश गुप्ता, प्रकाश गुप्ता, सियाराम महोबिया, हरि प्रसाद शुक्ला, एसके नवीन, रामशरण चंद्रवंशी, गुरु प्रसाद शर्मा, विजय सिंह, राजेश पांडेय सहित अन्य सदस्यों ने पौधे लगाए।