हजारों लोगों ने शान से लहराया तिरंगा, स्वास्थ्य मंत्री की मौजूदगी में निकली तिरंगा यात्रा
एमसीबी । आजादी के पावन पर्व के अवसर पर जिले के विकासखंड खड़गवां में ‘‘आओ मिलकर देश का मान बढ़ाएं, हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा लहराएं’’ के संदेश के साथ भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
स्वामी आत्मानंद स्कूल से बिजली ऑफिस तिराहा तक निकाली गई इस विशाल तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में स्कूली बच्चे, ग्रामीणजन, माताएं-बहनें, जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अधिकारी-कर्मचारी एवं आम नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की उपस्थिति में आयोजित इस तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा खड़गवां देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान से सराबोर नजर आया।
‘‘एक तिरंगा-एक भारत-श्रेष्ठ भारत’’ की भावना के साथ आयोजित तिरंगा यात्रा में ‘‘वंदे मातरम’’ और भारत माता की जय के नारों से वातावरण गूंज उठा। हाथों में तिरंगा थामे स्कूली बच्चों और नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने देश को और मजबूत एवं एकजुट बनाने का संकल्प भी लिया।
मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि आजादी के पावन पर्व के अवसर पर पूरे देश में विभिन्न स्थानों पर सभी वर्गों के लोग मिलकर तिरंगा यात्राओं के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत कर रहे हैं। खड़गवां में आयोजित यह विशाल तिरंगा यात्रा भी इसी राष्ट्रीय भावना का प्रतीक है, जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, ग्रामीणजन, माताएं और बहनें पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा किसी व्यक्ति विशेष की यात्रा नहीं है, बल्कि यह उन अमर शहीदों और देशभक्तों को समर्पित है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्हीं वीरों के बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में अपने संविधान और कानून के अनुसार जीवन जी रहे हैं। तिरंगा उन लाखों ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के त्याग, साहस और राष्ट्र प्रेम का प्रतीक है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है। यहां अलग-अलग जाति, धर्म, पंथ, समाज, भाषा और संस्कृति के लोग निवास करते हैं। देश के अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों में रहने और विभिन्न भाषाएं बोलने के बावजूद तिरंगा सभी भारतीयों को एक सूत्र में बांधता है। कश्मीर से कन्याकुमारी और गुजरात के कच्छ से लेकर देश के सुदूर पूर्वी क्षेत्रों तक तिरंगा भारत की राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक बनकर लहराता है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग खान-पान, पहनावे, भाषाओं और संस्कृतियों के बावजूद भारत की आत्मा एक है और तिरंगा इसी एकता का सबसे बड़ा प्रतीक है।
उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महान नेताओं एवं देशभक्तों को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने के लिए अनेक महापुरुषों ने अपना जीवन समर्पित किया और उनके त्याग से हमें राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है।
तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों की विशेष भागीदारी रही। तेज धूप के बावजूद बच्चे पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ यात्रा में शामिल हुए। स्वास्थ्य मंत्री ने बच्चों की सराहना भी की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को लेकर भी बच्चों एवं नागरिकों को जागरूक किया और कहा कि तिरंगा हमारे लिए अत्यंत सम्मान और गौरव का विषय है। राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव एवं जिला अध्यक्ष चम्पा देवी पावले, जनपद अध्यक्ष श्याम बाई मरकाम, जनपद उपाध्यक्ष वीरेन्द्र करियाम सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पुलिस प्रशासन के जवान, मीडिया प्रतिनिधि और क्षेत्र के नागरिकों ने भी तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान ‘‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’’ का संदेश देते हुए नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने की अपील की गई। तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और सामाजिक समरसता की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
तिरंगा यात्रा के समापन के पश्चात विद्यार्थियों को साइकिल वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को साइकिल वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, देशप्रेम और जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
खड़गवां में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा ने क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया। हजारों लोगों की सहभागिता ने ‘‘एक तिरंगा, एक भारत, श्रेष्ठ भारत’’ के संदेश को सार्थक किया। स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस विशाल तिरंगा यात्रा से पूरे क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का उत्साह और उमंग देखने को मिला।