छत्तीसगढ़ / रायपुर

900 पार पंजीयन, 22-23 अगस्त को रायपुर में सजेगा रिश्तों का डिजिटल मंच

 रायपुर । अग्रवाल समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक मंच पर जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले अखिल भारतीय ऑनलाइन परिचय सम्मेलन के लिए अब तक 900 से अधिक पंजीयन हो चुके हैं। सम्मेलन का आयोजन 22 और 23 अगस्त 2026 को रायपुर में किया जाएगा। खास बात यह है कि देश के अलग-अलग शहरों के साथ विदेशों में रहने वाले युवक-युवतियां भी ऑनलाइन माध्यम से इसमें शामिल होंगे।

छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन (सम्मेलन) के तत्वावधान में और वैवाहिक सामाजिक सेवा संस्था ‘मंगल परिणय’ द्वारा आयोजित यह सम्मेलन पूरी तरह नि:शुल्क होगा। आयोजकों के मुताबिक पंजीयन की अंतिम तारीख 20 अगस्त रखी गई है।

500 युवक और 400 युवतियों ने दी सहमति
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल, महामंत्री संजय अग्रवाल और मंगल परिणय की संयोजिका शोभा केडिया ने बताया कि अब तक 900 से अधिक युवक-युवतियों के पंजीयन प्राप्त हुए हैं। इनमें करीब 500 युवक और 400 युवतियां ऑनलाइन परिचय देने के लिए अपनी सहमति दे चुके हैं। आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

रायपुर में बनेगा विशेष स्टूडियो
दो दिवसीय सम्मेलन के लिए रायपुर के होटल एंट्री पॉइंट, बंजारी माता मंदिर के सामने, ट्रांसपोर्ट नगर में विशेष स्टूडियो तैयार किया जाएगा। रायपुर और आसपास रहने वाले प्रतिभागी चाहें तो स्टूडियो पहुंचकर अपना परिचय दे सकेंगे।

वहीं देश के अन्य शहरों और विदेशों में रहने वाले प्रतिभागी अपने स्थान से Zoom Meeting के जरिए ऑनलाइन जुड़ेंगे। इससे दूर रहने वाले परिवारों के लिए भी योग्य वर-वधु की तलाश आसान होगी।

विदेश से लेकर प्रोफेशनल्स और विशेष श्रेणी तक अलग-अलग कैटेगरी
सम्मेलन में प्रतिभागियों की सुविधा के लिए उनकी योग्यता, प्रोफेशन और परिस्थितियों के आधार पर अलग-अलग श्रेणियां बनाई गई हैं। इनमें विदेशों में रहने वाले युवक-युवतियों के साथ डॉक्टर, CA, इंजीनियर और अन्य प्रोफेशनल्स के लिए विशेष कैटेगरी शामिल हैं।

इसके अलावा शैक्षणिक एवं प्रोफेशनल योग्यता के आधार पर अलग वर्ग बनाए गए हैं। दिव्यांग युवक-युवतियों, विधवा-विधुर तथा परित्यक्ता-परित्यक्त के लिए भी विशेष कैटेगरी रखी गई है।

6 साल में 870 से ज्यादा सामान्य रिश्ते तय
आयोजकों के अनुसार ‘मंगल परिणय’ पिछले छह वर्षों से अग्रवाल समाज में वैवाहिक परिचय और परिवार समन्वय का कार्य कर रहा है। संस्था के प्रयासों से अब तक 870 से अधिक सामान्य श्रेणी के वैवाहिक संबंध तय हो चुके हैं।

वहीं विशेष श्रेणी में 200 से अधिक रिश्ते स्थापित किए गए हैं। आयोजकों का दावा है कि इन प्रयासों के जरिए करीब 350 बच्चों को दोबारा माता-पिता दोनों का स्नेह और सुरक्षित पारिवारिक वातावरण मिल सका है।

समय और दूरी की बाधा होगी कम
आयोजकों का कहना है कि ऑनलाइन परिचय सम्मेलन से परिवारों के समय और यात्रा खर्च की बचत होगी। साथ ही भारत के अलग-अलग हिस्सों और विदेशों में रहने वाले योग्य युवक-युवतियों तक एक साथ पहुंच बनाई जा सकेगी।

आयोजन डॉ. अशोक अग्रवाल के मार्गदर्शन और प्रमुख मार्गदर्शक एवं सलाहकार दीनदयाल गोयल के संरक्षण में किया जा रहा है। आयोजकों ने अग्रवाल समाज के परिवारों से विवाह योग्य युवक-युवतियों का 20 अगस्त तक नि:शुल्क पंजीयन कराने की अपील की है।

 

Leave Your Comment

Click to reload image