हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ी महिला समूह की दीदीया एनआरएलएम योजना से जुड़ी महिला समूह बना रही है तिरंगा
कवर्धा, 13 अगस्त 2026। जिला पंचायत कबीरधाम सहित जनपद पंचायत कवर्धा, बोडला, पंडरिया एवं स.लोहारा जनपद पंचायत मुख्यालय में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान की दीदियों द्वारा देश की आन बान और शान तिरंगा को बनाकर बहुत ही कम दर पर विक्रय के लिए आम जनता हेतु रखा गया है। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि प्रतिवर्ष की भक्ति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर समूह की महिलाओं द्वारा हमारे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा का निर्माण किया गया है। बहुत ही गुणवत्ता के साथ निर्मित तिरंगा आम जनता के लिए कम दर पर सभी साइजो में उपलब्ध है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के तहत सभी को अपने घरों में तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है जिससे कि सभी में देशभक्ति का संचार हो सके। इस अभियान से जुड़ने के लिए और इसे सफल बनाने के लिए तिरंगा यात्रा सहित अनेक कार्यक्रमों का आयोजन भी हो रहा है। इसी क्रम में समूह की दीदियों का इस अभियान से जुड़कर तिरंगा निर्माण करना हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आम जनता से अपील की जाती है कि वह समूह द्वारा निर्मित गुणवत्ता युक्त तिरंगे का क्रय कर महिलाओं का उत्साह वर्धन करें।