टीबी हारेगा, देश जीतेगा के संकल्प के साथ विद्यार्थियों ने दिया टीबी मुक्त भारत का संदेश
स्वामी आत्मानंद विद्यालय मरवाही में संकल्प वाचन, शपथ एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 14 अगस्त 2026
जिले को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय मरवाही में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों ने “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” का संकल्प लेते हुए टीबी उन्मूलन में जनभागीदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान टीबी मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों एवं टीबी की रोकथाम के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने टीबी उन्मूलन के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ ली। इस अवसर पर संकल्प संदेश वाचन एवं सामूहिक शपथ का आयोजन भी किया गया।
जागरूकता को रचनात्मक माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से टीबी के लक्षणों, बचाव, उपचार एवं समय पर जांच के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए टीबी के प्रति समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने और जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को बताया गया कि टीबी एक रोकथाम योग्य एवं उपचार योग्य बीमारी है। समय पर जांच और नियमित उपचार से टीबी से पूरी तरह स्वस्थ हुआ जा सकता है। विद्यार्थियों ने अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी टीबी के प्रति जागरूक करने तथा संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने का संदेश दिया।