छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

आदि सेवा केंद्रों में आयोजित किया जा रहा है जनसुनवाई कार्यक्रम

  गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 14 अगस्त 2026

आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत जनजातीय समुदाय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं मांगों के निराकरण के लिए जिले के 169 आदि सेवा केंद्रों में विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनजातीय एवं ग्रामीण समुदायों के और अधिक निकट लाते हुए स्थानीय स्तर पर नागरिकों की समस्याओं की पहचान करना तथा उनका त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है। आदि सेवा केंद्रों में आयोजित विशेष जनसुनवाई के दौरान नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों से संबंधित आवेदन  प्रस्तुत कर सकेंगे। 
         जनसुनवाई में शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ, आधारभूत सुविधाएं, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, पेयजल, सड़क, विद्युत, आवास, आजीविका सहित स्थानीय स्तर की अन्य आवश्यकताओं एवं समस्याओं से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता से संज्ञान में लिया जाएगा। प्राप्त आवेदनों का संबंधित विभागों द्वारा परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस पहल के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याओं के लिए दूर स्थित कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय स्थानीय स्तर पर ही अपनी बात शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image