छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत जिला कार्यालय परिसर में किया गया वृक्षारोपण

 गरियाबंद । पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के लिए कलेक्टर बीएस उइके एवं पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर सहित जिलाधिकारियों ने आज जिला कार्यालय के परिसर में एक पेड़ माँ के नाम के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत अधिकारी-कर्मचारियों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को वृक्षारोपण से जोड़कर इसे जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का आयोजन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन तथा कलेक्टर बीएस उइके के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर अधिकारी-कर्मचारियों ने पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का आधार भी हैं।

 

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है। उन्होंने जिलेवासियों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें संरक्षित कर हरित गरियाबंद के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की। सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। इस दौरान अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्णसिंह उइके सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image